अस्पताल परिसर से बाइक चोरी: स्टैंड वसूली के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल
कटनी | न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी
शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने अब सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला जिला अस्पताल परिसर का है, जहां एक मरीज के परिजन की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। खास बात यह है कि यह घटना कोतवाली थाना से चंद कदमों की दूरी पर स्थित क्षेत्र में हुई, जिससे पुलिस व्यवस्था की सतर्कता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, रचनानगर निवासी लक्ष्मीकांत द्विवेदी अपनी ग्रे रंग की होंडा शाइन (क्रमांक CG 16 CK 3041) को जिला अस्पताल परिसर में खड़ी कर इलाज के लिए अंदर गए थे। जब वे वापस लौटे तो उनकी मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल परिसर में स्टैंड संचालकों द्वारा वाहन खड़ा करने के नाम पर वसूली की जाती है। अस्पताल के मुख्य द्वार से लेकर पीछे तक स्टैंड कर्मियों की मौजूदगी रहती है और वाहन चालकों से नियमित रूप से शुल्क लिया जाता है। इसके बावजूद परिसर में चोरी की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब स्टैंड के नाम पर वसूली हो रही है, तो वाहन सुरक्षा की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। वहीं, इस घटना के बाद आम नागरिकों में आक्रोश देखा जा रहा है और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जब अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करें।

Post a Comment