जुहला बायपास पर ऑटो चालक व साथियों का हंगामा, तीन गिरफ्तार


 

जुहला बायपास पर ऑटो चालक व साथियों का हंगामा, तीन गिरफ्तार

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :शहर के जुहला बायपास मार्ग स्थित बस स्टैंड के पास शनिवार को किराए को लेकर हुए विवाद ने अचानक तूल पकड़ लिया, जब ऑटो चालक और उसके साथियों ने मिलकर सार्वजनिक स्थान पर हंगामा खड़ा कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी ऋषि नामदेव रेलवे स्टेशन कटनी से जुहला बायपास की ओर ऑटो में सवार होकर जा रहा था। बस स्टैंड के पास पहुंचने पर ऑटो चालक ने तय किराए से अधिक राशि की मांग की। फरियादी द्वारा अतिरिक्त किराया देने से इनकार करने पर ऑटो चालक प्रकाश साहू एवं उसके साथी आयुष बर्मन और ऋषि मल्होत्रा भड़क गए।

तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में भय और अशांति का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने विवाद जारी रखा। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही थाना एन.के.जे. से सउनि मनोज कोडापे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा समझाइश देने के बावजूद आरोपियों के शांत न होने तथा आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति भंग की आशंका को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। वहीं ऑटो चालक प्रकाश साहू वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ऑटो जब्त कर लिया गया।

आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 126/135(3) के तहत इस्तगासा तैयार कर माननीय एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • आयुष बर्मन (26), निवासी खिरहनी फाटक, वेंकट वार्ड
  • प्रकाश साहू (32), निवासी पुरैनी कुठला
  • ऋषि मल्होत्रा (30), निवासी गायत्री नगर

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post