खुले पैसे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, शराब दुकान कर्मचारियों पर युवक की बेरहमी से पिटाई का आरोप कांच की बोतल से सिर फोड़ा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती — आक्रोशित लोगों ने की कार्रवाई की मांग


 


खुले पैसे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, शराब दुकान कर्मचारियों पर युवक की बेरहमी से पिटाई का आरोप


कांच की बोतल से सिर फोड़ा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती — आक्रोशित लोगों ने की कार्रवाई की मांग


कटनी/बरही।
खुले पैसे को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। बरही क्षेत्र में स्थित एक शराब दुकान के कर्मचारियों पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने और कांच की बोतल से उसका सिर फोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे विजयराघवगढ़ मार्ग स्थित शराब दुकान की है। नामदेव मोहल्ला निवासी रामकेश गुप्ता (28 वर्ष) अपने एक साथी के साथ शराब खरीदने दुकान पहुंचा था। इसी दौरान खुले पैसे को लेकर उसका दुकान कर्मचारियों से विवाद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर शराब दुकान के आधा दर्जन कर्मचारियों ने एकजुट होकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय लोगों को भी कर्मचारियों द्वारा खदेड़ दिया गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान कांच की बोतल से युवक के सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।

घायल रामकेश को तत्काल बरही के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद शराब दुकान के सामने कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।

सूचना मिलते ही बरही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए लोगों को शांत कराया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post