कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कटनी ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने रसोई गैस सिलेंडर की कमी, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, बिजली दरों में वृद्धि तथा आम जरूरत की वस्तुओं के महंगे होने को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर महंगाई पर नियंत्रण करने और आम जनता को राहत देने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला एवं जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ने से आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है तथा घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने सरकार से तत्काल प्रभाव से पेट्रोल-डीजल एवं गैस सिलेंडर की कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग की।
प्रदर्शन में कटनी महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment