गुणवत्ता हीन नवीन सड़कों से कैसे होगा “कायापलट” का सपना साकार?
कटनी। शहर में विकास और कायापलट के दावों के बीच सड़कों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। गोल बाजार से सब्जी मंडी जाने वाले आम रास्ते पर हाल ही में बनाई गई नई सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद अपनी गुणवत्ता को लेकर चर्चा में आ गई है।
सूत्रों के अनुसार नगर निगम द्वारा नल पाइप सुधार कार्य के नाम पर पिछले रविवार को इस सड़क को खोद दिया गया था, जिससे पहले से बनी सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद निगम द्वारा दोबारा सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि नई बनी सड़क से अभी से गिट्टी अलग-अलग हिस्सों में निकलने लगी है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि पहली ही बरसात में सड़क की हालत और खराब हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया तो जनता के पैसे से बनी यह सड़क ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाएगी। अब देखना होगा कि नगर निगम इस मामले में गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है या नहीं।

Post a Comment