फर्जी केस में फंसाकर युवक को थाने में रखा, मल्टी में मारपीट का आरोप
कटनी /आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :
कटनी जिले के NKJ थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए एक परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके परिजन को फर्जी मामले में फंसाकर हिरासत में रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम विलास निषाद (छंगा निषाद) नामक युवक को NKJ थाना पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से फर्जी है। परिवार के सदस्यों ने थाने पहुंचकर मीडिया के सामने बताया कि युवक को शाम लगभग 7 बजे पकड़ा गया और थाने के पास स्थित एक मल्टी में रखकर उसके साथ मारपीट की गई।
परिजनों का कहना है कि बिना किसी ठोस सबूत के उनके परिजन को प्रताड़ित किया गया, जिससे पूरे मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं, सूत्रों के अनुसार आरोपी को गांजा मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस संबंध में NKJ थाना प्रभारी ने बताया कि एक आरोपी को गांजा प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
फिलहाल, मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Post a Comment