थाना ढीमरखेड़ा का घेराव: आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर भड़का जनाक्रोश
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी : जिले की ढीमरखेड़ा तहसील में किसानों के साथ कथित धोखाधड़ी और लाखों रुपये के गबन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बावजूद करीब दो माह बीत जाने पर भी गिरफ्तारी न होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार ज्ञापन मे सौंपे समन्धित आरोपियों पर किसानों से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये का गबन करने के आरोप हैं। पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद प्रकरण दर्ज किया गया, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस द्वारा आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे न्याय प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
इसी मुद्दे को लेकर ओबीसी महासभा, अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन एवं राष्ट्रीय आदिवासी एकता परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाना ढीमरखेड़ा का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी अभिषेक चौबे पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उनके कार्यकाल को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं और अपराधियों को संरक्षण मिलने की शिकायतें मिलती रही हैं।
विरोध प्रदर्शन के बाद तहसीलदार नितिन पटेल ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया और मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अब इस पूरे प्रकरण में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। किसान और स्थानीय संगठन जल्द न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Post a Comment