पंचायत भवन पर ‘निजी जमीन’ का दावा: महिला ने जड़ा ताला, 15 दिन से ठप कामकाज कटारिया पंचायत में विवाद गहराया; अंबेडकर जयंती कार्यक्रम पर भी संकट


 

पंचायत भवन पर ‘निजी जमीन’ का दावा: महिला ने जड़ा ताला, 15 दिन से ठप कामकाज

कटारिया पंचायत में विवाद गहराया; अंबेडकर जयंती कार्यक्रम पर भी संकट     




कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । ढीमरखेड़ा जनपद की कटारिया ग्राम पंचायत में पंचायत भवन पर ताला लगने का अनोखा मामला सामने आया है। एक महिला ने भवन को अपनी निजी जमीन पर बना बताया और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इसके चलते पिछले 15 दिनों से पंचायत का कामकाज पूरी तरह ठप है, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

हंगामा, गाली-गलौज के बाद लगाया ताला
जानकारी के मुताबिक, गांव की महिला नानबाई (पति शेषनारायण) पंचायत भवन पहुंची और वहां मौजूद सरपंच, उपसरपंच, सचिव व पंचों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद उसने भवन को अपनी जमीन पर निर्मित बताते हुए मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। सरपंच ताराबाई झारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने 11 मार्च को एसडीएम को लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।

मंगल भवन, पोस्ट ऑफिस और मंदिर भी प्रभावित
पंचायत परिसर में पंचायत भवन के साथ-साथ मंगल भवन, पोस्ट ऑफिस और मंदिर भी स्थित हैं। ताला लगने के कारण इन सभी जगहों तक लोगों की पहुंच बंद हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अंबेडकर जयंती कार्यक्रम पर भी खतरा
20 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर यहां प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम प्रस्तावित है। भीम आर्मी द्वारा इसकी अनुमति भी ली जा चुकी है, लेकिन मौजूदा विवाद के चलते आयोजन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

जांच के निर्देश, कार्रवाई का इंतजार
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। अब राजस्व रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि जमीन किसकी है और प्रशासन कब तक इस विवाद का समाधान कर पाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post