कटनी / न्यूज़ एमपी एक्सप्रेस। नगर निगम कटनी की सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक निगम के कई नियमित सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर खुद उपस्थित नहीं होते, बल्कि अपनी जगह कम वेतन पर निजी लोगों से काम करवाने की व्यवस्था कर चुके हैं।
बताया जा रहा है कि नगर निगम से पूरा वेतन लेने वाले कुछ कर्मचारी सफाई कार्य करने के बजाय घर बैठे रहते हैं और 4 से 6 हजार रुपये मासिक पर अन्य लोगों को लगाकर सफाई करवा रहे हैं। यह व्यवस्था नगर निगम के नियमों के विपरीत मानी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद यह लंबे समय से चलती आ रही है।
सूत्रों का कहना है कि इस पूरे मामले में नगर निगम के कुछ वार्ड दरोगाओं और अधिकारियों की कथित भूमिका भी सामने आ रही है। आरोप है कि जिम्मेदारों की जानकारी में ही यह व्यवस्था संचालित हो रही है, जिससे सफाई व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नगर के लोगों का कहना है कि यदि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं। नागरिकों ने मांग की है कि बिना काम किए वेतन लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो और सफाई व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए, ताकि शहर में सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके।
जानकारी के अनुसार नगर निगम कटनी के स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी फिलहाल संजय सोनी के पास बताई जा रही है, ऐसे में पूरे मामले को लेकर विभाग की भूमिका भी चर्चा में है।

Post a Comment