. “कटनी में शर्मनाक वारदात: छेड़छाड़ की शिकार महिला भटकी, थाने ने नहीं सुनी—एसपी दरबार में लगाई गुहार”
स्लीमनाबाद पुलिस पर गंभीर आरोप, न्याय की गुहार लेकर सौंपा आवेदन
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मवई देवरी से एक गंभीर व संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने गांव के ही तीन व्यक्तियों पर छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है। मामले में थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता निवासी ग्राम मवई देवरी, तहसील बहोरीबंद ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर बताया कि 25 मार्च की रात लगभग 11 बजे वह अपने घर में बच्चों एवं भतीजे के साथ अकेली थी। इसी दौरान गांव के ही आरोपी बंदी ठाकुर, प्रमोद परोहा एवं सोनू रजक कथित रूप से शराब के नशे में उसके घर में घुस आए।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ जबरदस्ती करते हुए छेड़छाड़ की तथा शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर जब उसका भतीजा बचाव के लिए पहुंचा, तो आरोपियों ने उसके साथ डंडे से मारपीट भी की।
घटना के बाद पीड़िता स्लीमनाबाद थाने पहुंची, लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उसे धमकाया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
न्याय की आस में पीड़िता 28 मार्च को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां उसने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन सौंपा है।
अब इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की भूमिका पर निगाहें टिकी हैं कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
खबरों व विज्ञापन हेतु सम्पर्क करे
कटनी संवाददाता :9977535212

Post a Comment