सभी दिशा निर्देश हवा-हवाई, अवैध प्लाटिंग का खेल निरंतर जारी
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :नगर निगम क्षेत्र में इन दिनों अवैध प्लाटिंग का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। प्रशासनिक दिशा-निर्देशों और सख्ती के दावों के बावजूद भू-माफिया बेखौफ होकर खेती की जमीनों को छोटे-छोटे प्लाट में काटकर नियम विरुद्ध तरीके से बेच रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि संबंधित विभागों की चुप्पी से पूरे मामले में मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, कुठला थाना के सामने स्थित कुछ कृषि भूमि को बिना वैध डायवर्सन और नगर निगम की स्वीकृति के प्लाटों में परिवर्तित कर बेचा जा रहा है। इतना ही नहीं, इन प्लाटों पर निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। निर्माण गतिविधियां खुलेआम चल रही हैं, लेकिन न तो नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने आई है और न ही जिला प्रशासन की ओर से कोई सख्त कदम उठाया गया है।
जानकारों का कहना है कि समय-समय पर वर्तमान नगर निगम आयुक्त द्वारा अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाते हैं, परंतु जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का पालन होता नजर नहीं आता। परिणामस्वरूप, भू-माफिया के हौसले बुलंद हैं और वे नियमों को दरकिनार कर मुनाफाखोरी में लगे हुए हैं।
शहरवासियों का आरोप है कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो अव्यवस्थित कॉलोनियों की संख्या बढ़ेगी, जिससे भविष्य में मूलभूत सुविधाओं—सड़क, नाली, पानी और बिजली—की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। साथ ही खरीदारों को भी कानूनी विवादों का सामना करना पड़ सकता है।
अब देखना यह है कि नगर निगम और जिला प्रशासन अवैध प्लाटिंग के इस खेल पर कब तक सख्ती दिखाते हैं या फिर दिशा-निर्देशों का यह सिलसिला यूं ही कागजों तक सीमित रह जाएगा।

Post a Comment