*जलकर पर 'चक्रवृद्धि ब्याज' का बोझ: निगम अध्यक्ष ने भी की बंद करने की मांग*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :नगर निगम द्वारा जलकर पर वसूले जा रहे चक्रवृद्धि ब्याज और भारी अधिभार को लेकर शहर में विवाद गहरा गया है। अब नगर निगम अध्यक्ष ने भी इस व्यवस्था को अनुचित बताते हुए आयुक्त को इसे बंद करने के लिए पत्र लिखा है।
*42 करोड़ के बकाए में 70% सिर्फ ब्याज*
शहर के करीब 22,500 उपभोक्ताओं पर कुल बकाया राशि 42 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा केवल ब्याज और अधिभार का है। 1.5% प्रतिमाह की दर से लग रहे चक्रवृद्धि ब्याज के कारण छोटे बकाएदारों पर भी भारी आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
*'आप' ने बताया जजिया कर*
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल सिंह सेंगर ने इसे 'जजिया कर' बताते हुए कहा कि वर्ष 2013 में परिषद ने इसे समाप्त करने का प्रस्ताव पारित किया था, फिर भी अवैध वसूली जारी रही। पार्टी ने पिछले 20 वर्षों में वसूली गई ब्याज राशि वापस करने की मांग उठाई है। अध्यक्ष ने भी इसे नगर पालिका अधिनियम 1956 के विरुद्ध बताते हुए तत्काल रोक लगाने की बात कही।

Post a Comment