ट्रेन के टॉयलेट में मिला नवजात, मुड़वारा स्टेशन पर मची सनसनी


 

ट्रेन के टॉयलेट में मिला नवजात, मुड़वारा स्टेशन पर मची सनसनी

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जब हरिद्वार से पुरी जा रही उत्कल एक्सप्रेस के एक कोच के टॉयलेट में लावारिस हालत में एक नवजात शिशु मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन परिसर और ट्रेन के यात्रियों में हड़कंप मच गया। फिलहाल, मासूम को सुरक्षित जिला अस्पताल के एसएनसीयू (स्पेशल केयर न्यूबॉर्न यूनिट) में भर्ती कर उसका उपचार किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्कल एक्सप्रेस के कोच क्रमांक S-4 में यात्रा कर रहे एक यात्री ने जैसे ही टॉयलेट का दरवाजा खोला, वह स्तब्ध रह गया। अंदर फर्श पर एक नवजात शिशु असुरक्षित अवस्था में पड़ा हुआ था। यात्री के शोर मचाने पर कोच में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तत्परता दिखाते हुए यात्री ने रेलवे के आपातकालीन नंबर पर कॉल कर कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही मुड़वारा स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही पुलिस बल ने तत्काल कोच में पहुंचकर नवजात को अपने संरक्षण में लिया। रेलवे पुलिस के जवानों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया।

जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार नवजात को गहन चिकित्सा कक्ष (एसएनसीयू) में रखा गया है और उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डॉक्टरों की टीम द्वारा आवश्यक उपचार किया जा रहा है, जिससे उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।

इधर, रेलवे पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है। कोच में यात्रा कर रहे यात्रियों की सूची खंगाली जा रही है, वहीं सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों से पूछताछ के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर किसने और किन परिस्थितियों में इस मासूम को ट्रेन के टॉयलेट में छोड़ दिया।

मुड़वारा स्टेशन पर हुई इस अमानवीय घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर जहां संतान सुख के लिए लोग प्रयासरत रहते हैं, वहीं दूसरी ओर नवजात को इस तरह लावारिस छोड़ देना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं पर भी गहरा आघात है।

Post a Comment

Previous Post Next Post