रेलवे कॉलोनियों में चोरों का आतंक, दो घरों से 45 हजार पार


 

कटनी में चोरों के हौसले बुलंद: रेलवे क्वार्टरों में सेंधमारी, पुलिस के हाथ खाली

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :शहर में एक बार फिर चोरी की वारदातों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे कॉलोनियों में चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम दिया। इन वारदातों में नगदी और कीमती सामान सहित कुल लगभग 45 हजार रुपये की चोरी की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, पहली घटना साउथ स्टेशन स्थित सरस्वती रेलवे क्वार्टर की है। यहां रहने वाले दीपेंद्र भाई पटेल (41) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अज्ञात चोर रात के अंधेरे में उनके घर में घुस आए और लगभग 15 हजार रुपये नगद व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर सूना था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

वहीं दूसरी घटना विवेकानंद नगर स्थित क्वार्टर नंबर 7/3 में सामने आई, जहां संजय कुमार यादव (60) के घर चोरों ने धावा बोला। यहां से करीब 30 हजार रुपये की नगदी और सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

दोनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि कोई संगठित गिरोह सूने मकानों की रेकी कर योजनाबद्ध तरीके से इन वारदातों को अंजाम दे रहा है।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के रहवासियों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post