दाल मिल में सेंधमारी, CCTV का DVR ले उड़े चोर — औद्योगिक क्षेत्र में दहशत
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । औद्योगिक क्षेत्र माधवनगर में चोरों की सक्रियता एक बार फिर सुर्खियों में है। थाना क्षेत्र अंतर्गत अमकुही स्थित एक प्रतिष्ठित दाल मिल में अज्ञात बदमाशों ने सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने न केवल कीमती सामान पर हाथ साफ किया, बल्कि अपनी पहचान मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए।
रात में दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमजी एग्रो दाल मिल (अमकुही) के संचालक दिलीप कुमार राजपाल (50 वर्ष) ने माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 26 मार्च की रात 8 बजे से 27 मार्च की सुबह 9 बजे के बीच अज्ञात चोर मिल परिसर में घुसे और सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
कीमती सामान ले गए बदमाश
चोरों ने मिल से भारी मात्रा में कॉपर (तांबे) के तार, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर (DVR) और जियो एयर फाइबर डिवाइस चोरी कर लिया। चोरी गए मशरूका की कुल कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है। डीवीआर चोरी होना इस बात की ओर इशारा करता है कि बदमाश पूरी तैयारी और योजना के साथ आए थे।
नई धाराओं में मामला दर्ज
माधवनगर पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से अमकुही सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों और मिल संचालकों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।

Post a Comment