*संघमित्रा एक्सप्रेस में सफर के दौरान बालिका की मौत*
कटनी। संघमित्रा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12295) में सफर कर रही एक 15 वर्षीय बालिका की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतका की पहचान जमालपुर (बिहार) निवासी प्राची कुमारी शाह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्राची अपने परिजनों के साथ एस-5 कोच में सवार होकर घर लौट रही थी। यात्रा के दौरान अचानक उसकी स्थिति बिगड़ी और वह शिथिल हो गई। ट्रेन के कटनी स्टेशन पहुँचते ही रेलवे के डॉक्टरों ने उसकी जाँच की, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि प्राची का हाल ही में एक ऑपरेशन हुआ था। प्राथमिक रूप से मौत का कारण ऑपरेशन के बाद उत्पन्न जटिलताओं को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद स्टेशन पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Post a Comment