जिले में समारोहपूर्वक मनाई जाएगी डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती, 14 अप्रैल तक आयोजित होंगे साप्ताहिक कार्यक्रम कलेक्‍टर ने किया नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, जारी किये दिशा-निर्देश


 जिले में समारोहपूर्वक मनाई जाएगी डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती, 14 अप्रैल तक आयोजित होंगे साप्ताहिक कार्यक्रम


कलेक्‍टर  ने किया नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, जारी किये दिशा-निर्देश


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस - भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर जिले में व्यापक और गरिमापूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार, जिला मुख्यालय से लेकर विकासखण्ड स्तर और सभी शैक्षणिक संस्थाओं व छात्रावासों में 14 अप्रैल तक विशेष साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करने के निर्देश दिये गये हैं।


          जिले में इन कार्यक्रमों के सुचारू और सफल आयोजनों के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर को नोडल अधिकारी नियुक्‍त किया है। जबकि अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक विमल चौरसिया इसके सहायक नोडल होंगे। वहीं विकासखण्ड स्तर पर संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नोडल अधिकारी की भूमिका निभाएंगे।


कलेक्‍टर श्री तिवारी ने साप्ताहिक कार्यक्रमों के दौरान सभी संबंधित विभागों और कार्यालय प्रमुखों को नोडल अधिकारियों से समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में इन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये हैं।


*साप्‍ताहिक कार्यक्रम*


          भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल तक विकासखंड स्‍तरीय आयोजन अंतर्गत जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर कलेक्‍टर श्री आशीष तिवारी ने नगर निगम आयुक्‍त, सभी जनपद पंचायतों के सीईओ और सभी मुख्‍य नगर पालिका अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किये हैं।


          कलेक्‍टर श्री तिवारी के द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले के प्रत्येक विकासखण्ड अन्तर्गत जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों में हितग्राही सम्मेलन किये जायेंगे। इस सम्मलेन में शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को भी आमंत्रित किया जायेगा एवं योजनाओं के प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही सभा कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियो, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।


          सभी कार्यक्रमों में डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, विचारों, देश एवं लोकतंत्र के लिये उनके योगदान तथा संविधान निर्माण में उनकी महती भूमिका पर प्रकाश डाला जायेगा।


          कलेक्‍टर श्री तिवारी ने कहा है कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अन्य उपयुक्त कार्यक्रम भी किये जा सकते हैं। 14 अप्रैल को जिले में स्थापित डॉ. भीमराव अम्बेडकर की समस्त प्रतिमाओं एवं परिसरों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जायें तथा उनके चित्र प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाये।


          कलेक्‍टर श्री तिवारी ने निर्देशित किया है कि सभी आयोजन गरिमापूर्ण हो तथा कार्यक्रम स्थल पर छाया, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की जायें।

Post a Comment

Previous Post Next Post