कोतवाली थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, 90 हजार का माल पार
कटनी /आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :शहर के इन्द्रागांधी वार्ड, बालाजीनगर क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित परिवार किसी काम से शहर से बाहर गया हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन्द्रागांधी वार्ड निवासी फरियादी (जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन हैं) अपनी पत्नी को लेने के लिए 3 अप्रैल को गृहग्राम बिरसिंहपुर गए हुए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। 4 अप्रैल की सुबह करीब 4:00 बजे पड़ोस में रहने वाले संजीव मिश्रा ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि उनके घर का दरवाजा खुला हुआ है और ताला टूटा पड़ा है।
सूचना मिलते ही जब पीड़ित परिवार वापस लौटा, तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। चोरों ने अलमारी में रखे सोने के हार, चेन, झुमकी, अंगूठी, नथ और बड़ी मात्रा में चांदी के जेवरात (पायल, चूड़ियां, बिछिया व सिक्के) चोरी कर लिए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 90,000 रुपये आंकी गई है।
पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली कटनी में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच ऑफिसिएटिंग एएसआई बालगोविंद प्रजापति को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।

Post a Comment