कटनी में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 150 पाव जब्त; 4 आरोपी गिरफ्तार
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घेराबंदी कर कुल 150 पाव देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा की गई इस संयुक्त कार्रवाई में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई। चौपाटी क्षेत्र में मेहबूब (45 वर्ष) के पास से 34 पाव देशी मदिरा बरामद हुई। वहीं कैलवारा खुर्द में पवन दुबे (47 वर्ष) के कब्जे से 45 पाव शराब जब्त की गई। सावरकर वार्ड के चौधरी मोहल्ला निवासी रूबी अहिरवार के पास से 40 पाव देशी शराब मिली, जबकि खिरहनी फाटक क्षेत्र में हीरालाल निषाद के कब्जे से 29 पाव अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment