भीड़भाड़ के बीच हाथ की सफाई: घंटाघर चौराहे पर 1.5 लाख की उठाईगिरी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस


 

भीड़भाड़ के बीच हाथ की सफाई: घंटाघर चौराहे पर 1.5 लाख की उठाईगिरी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

कटनी/आशीष चौधरी । शहर के सबसे व्यस्त हृदय स्थल घंटाघर चौराहे पर दिनदहाड़े उठाईगिरी की एक सनसनीखेज घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में अज्ञात बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति से बड़ी रकम पार कर दी।

जानकारी के अनुसार, कुठला थाना क्षेत्र के मझगवां फाटक निवासी नरेश चौधरी (40) किसी निजी कार्य से बाजार आए थे। उनके पास करीब 1 लाख 50 हजार रुपये की नकदी थी। दोपहर लगभग 2:30 बजे से शाम 6:30 बजे के बीच किसी समय अज्ञात चोरों ने नजर बचाकर यह रकम उड़ा ली। घटना का पता तब चला जब उन्होंने अपने पास रखी रकम चेक की, जिसके बाद उनके होश उड़ गए।

घंटाघर चौराहे जैसे अत्यंत व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना ने व्यापारियों और आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे पुलिस गश्त और निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।

मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं, नागरिकों को भी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने और अपनी कीमती वस्तुओं की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post