18 साल में खंडहर बना आंबेडकर मांगलिक भवन, मरम्मत को तरसे वार्डवासी
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 18 (प्रेम नगर, तिलक कॉलेज रोड) में स्थित डॉ. आंबेडकर मांगलिक भवन बदहाली का शिकार हो चुका है। वर्ष 2008 में लोकार्पित यह भवन आज जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। भवन की हालत इतनी खराब हो गई है कि यहां किसी भी सामाजिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भवन की छत, दीवारें और मूलभूत संरचना तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसके बावजूद अब तक न तो नगर निगम और न ही प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण करना उचित समझा।
वार्डवासियों का कहना है कि यह भवन क्षेत्र के सामुदायिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र था, लेकिन उपेक्षा के चलते अब इसका उपयोग लगभग बंद हो चुका है। लोगों को छोटे-छोटे कार्यक्रमों के लिए भी अन्य स्थानों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, कलेक्टर, आयुक्त एवं एसडीएम से मांग की है कि भवन की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए। साथ ही मरम्मत के बाद भवन को स्थानीय समिति या वार्डवासियों को विधिवत हैंडओवर किया जाए, ताकि इसका समुचित उपयोग सुनिश्चित हो सके।

Post a Comment