*राम मनोहर लोहिया वार्ड में नकली बीड़ी कारखाने का भंडाफोड़*
*नामचीन ब्रांड के नाम पर खपाया जा रहा था नकली माल, कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :कटनी की कोतवाली पुलिस ने शहर के हृदय स्थल में चल रहे एक अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार किया है। राम मनोहर लोहिया वार्ड में लंबे समय से नामी ब्रांड के नाम का दुरुपयोग कर नकली बीड़ी बनाने और पैकिंग करने के खेल का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्रीय व्यापार जगत में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि कोतवाली थाना अंतर्गत सतीश अग्रवाल (पिता कामता प्रसाद अग्रवाल, उम्र 39 वर्ष) के आवास पर अवैध रूप से नकली मार्का बीड़ी तैयार की जा रही है। तोतन चक्रवर्ती (पिता कालीपद चक्रवर्ती, निवासी पश्चिम बंगाल) की शिकायत पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
जब पुलिस टीम ने सतीश अग्रवाल के घर पर छापा मारा, तो वहाँ बड़ी मात्रा में नामचीन ब्रांड के नकली रैपर और तैयार की गई बीड़ियां मिलीं। पुलिस ने मौके से करीब 20 हजार रुपये कीमत की नकली मार्का बीड़ी और पैकिंग सामग्री जब्त की है। बताया जा रहा है कि आरोपी स्थानीय बाजारों में कम दाम पर असली बताकर इस नकली माल की आपूर्ति करता था।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी सतीश अग्रवाल के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और 65 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस कारोबार के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं और यह नकली माल किन-किन दुकानों पर सप्लाई किया जा रहा था।
अक्सर देखा जाता है कि प्रसिद्ध ब्रांडों के नाम पर बाजार में घटिया और नकली उत्पाद बेचे जाते हैं, जिससे न केवल कंपनी को राजस्व की हानि होती है बल्कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है। कोतवाली पुलिस की इस सक्रियता ने अवैध रूप से ब्रांडेड लेबल का उपयोग करने वालों को सख्त संदेश दिया है।

Post a Comment