*नगर निगम कटनी: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 89 लाख के लाभ का 617.05 करोड़ का बजट पेश, आंशिक संशोधन के साथ अंगीकार हुआ*



*नगर निगम कटनी: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 89 लाख के लाभ का 617.05 करोड़ का बजट पेश, आंशिक संशोधन के साथ अंगीकार हुआ*


*अधोसंरचना और विकास पर जोर*


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । नगर पालिक निगम कटनी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है। मध्यप्रदेश नगरपालिक निगम (वित्त एवं लेखा) नियम-2018 के आधार पर तैयार यह बजट शहर के विकास, जनसुविधाओं और राजस्व वृद्धि पर केंद्रित है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार निगम ने इस वर्ष कुल 89.38 लाख रुपये के लाभ का 617.05 करोड़ का बजट तैयार किया है। जिसे आंशिक संशोधन के साथ सर्वसम्मति से अंगीकार कर लिया गया।


*बजट का वित्तीय ढांचा*

बजट में आय और व्यय को प्रमुख रूप से चार भागों (राजस्व आय, राजस्व व्यय, पूंजीगत प्राप्ति और पूंजीगत व्यय) में विभक्त किया गया है:  

* *कुल अनुमानित आय:* राजस्व और पूंजीगत प्राप्ति को मिलाकर कुल 617.05 करोड़ (6170599000.00) रुपये की आय का अनुमान है।  

* *कुल अनुमानित व्यय:* राजस्व और पूंजीगत व्यय को मिलाकर कुल 616.16 करोड़ (6161661000.00) रुपये खर्च होने का अनुमान है।  

* *राजस्व बचत:* राजस्व आय (166.85 करोड़) में से राजस्व व्यय (153.77 करोड़) घटाने के बाद 13.08 करोड़ रुपये की बचत अनुमानित है।  

* *पूंजीगत घाटा*: पूंजीगत व्यय (462.39 करोड़) के मुकाबले पूंजीगत प्राप्ति (450.20 करोड़) कम होने से 12.18 करोड़ रुपये का पूंजीगत घाटा अनुमानित है।  


*शहर के विकास के लिए बड़े प्रावधान*

बजट में सड़कों, जल प्रदाय और अधोसंरचना के लिए बड़ी राशि आवंटित की गई है:

* *अमृत योजना*: अमृत 1.0 और 2.0 के अंतर्गत कुल 131.20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें वाटर सप्लाई हेतु 52 करोड़ और सीवरेज कार्य हेतु 36 करोड़ रुपये खर्च होंगे।  

* *सड़क और नाली निर्माण:* शहर में डामरीकरण के लिए 15 करोड़, सीमेंट सड़कों के लिए 14 करोड़ और नालियों के निर्माण के लिए 11 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री अधोसंरचना (चतुर्थ चरण) के लिए 8 करोड़ रुपये रखे गए हैं।  

* *शिक्षा और खेल:* शासकीय स्कूलों में सुधार हेतु शिक्षा उपकर से 6.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल मैदानों हेतु 2.50 करोड़ और खेल प्रतियोगिताओं के लिए बजट बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया गया है।  

* *यातायात और पर्यटन:* शहर में सुरक्षित यातायात के लिए मल्टीलेवल पार्किंग हेतु 2 करोड़ और कटनी सैंड स्टोन से प्रवेश द्वार निर्माण हेतु 3 करोड़ रुपये का प्रावधान है।  


*पर्यावरण और अन्य विशिष्ट योजनाएं*

सौर ऊर्जा: बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सौर ऊर्जा के लिए 3 करोड़ रुपये का प्रावधान है।  

* *जल संरक्षण:* जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये रखे गए हैं।  

* *शहरी गरीब*: गरीबों के लिए मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों हेतु 5 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।  

* *पार्क और जिम*: पार्क, स्विमिंग पूल और जिम निर्माण हेतु 2.50 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।  


*आय बढ़ाने के स्रोत*

निगम ने अपनी वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए संपत्तियों की नीलामी और कर वसूली पर ध्यान केंद्रित किया है:

* कलेक्ट्रेट के सामने वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स और भूखंडों की नीलामी से 40 करोड़ रुपये की आय का लक्ष्य है।  

* प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अर्धनिर्मित LIG/MIG भूखंडों के विक्रय से 50 करोड़ रुपये प्राप्त होने की उम्मीद है।  

* ट्रांसपोर्ट नगर के भूखंडों के प्रीमियम से 12 करोड़ रुपये की आय अनुमानित है।  


*स्थापना और प्रशासनिक खर्च*

निगम के कर्मचारियों के वेतन, महंगाई वृद्धि और सेवानिवृत्त लाभों (स्थापना व्यय) के लिए 55.93 करोड़ रुपये का प्रावधान है, जो कुल राजस्व आय का 33.52 प्रतिशत है। इसके अलावा, भवनों के बिजली बिल, विज्ञापन, ईंधन और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए 19.09 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।







खबरों के लिए सम्पर्क करे 


8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post