3.756 किलो गांजा जब्त, 50 हजार कीमत के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
गिरजाघाट में महिला तस्कर गिरफ्तार, 3.756 किलो गांजा बरामद
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस
। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में कोतवाली थाना पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी कोतवाली को लगातार मुखबिरों के माध्यम से सूचना मिल रही थी कि गांजा और स्मैक की तस्करी में महिलाओं का उपयोग किया जा रहा है। सूचना के आधार पर संदिग्ध महिलाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला गिरजाघाट के पास नीले रंग का बैग लेकर गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
गिरजाघाट पहुंचने पर पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए हुलिए की महिला को देखा, जो पुलिस वाहन को देखकर घबराकर भागने का प्रयास करने लगी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम किरन देवी बर्मन (46 वर्ष), निवासी ग्राम पछौहा, थाना कमासी, जिला बांदा (उ.प्र.) बताया।
स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में महिला के बैग की तलाशी ली गई, जिसमें एक बड़ी पॉलीथीन में हरे रंग का डंठलनुमा पदार्थ मिला। पूछने पर महिला ने उसे गांजा बताया। मौके पर तौल करने पर कुल 3.756 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 393/2026 कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह इस अवैध कारोबार में कब से संलिप्त है और इसके पीछे किन-किन लोगों का नेटवर्क सक्रिय है।


Post a Comment