दिनदहाड़े ऑटो चोरी, हफ्तेभर बाद बरामद — घंटाघर से मरघट तक चोर की चाल नाकाम
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी : शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले घंटाघर इलाके में दिनदहाड़े हुई ऑटो चोरी ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। हालांकि, कोतवाली पुलिस की सक्रियता के चलते एक सप्ताह के भीतर न केवल चोरी गया ऑटो बरामद कर लिया गया, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक 13 अप्रैल को मझगवां निवासी नरेश चौधरी अपने परिवार के साथ खरीदारी के लिए घंटाघर पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर खिरहनी निवासी बंटी उर्फ बिस्सू चौधरी ने बड़ी सफाई से ऑटो (MP21R4283) का लॉक तोड़ा और उसे लेकर फरार हो गया। घटना ऐसे स्थान पर हुई, जहाँ हर समय सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे चोरों के बढ़ते हौसलों का अंदाजा लगाया जा सकता है।
चोरी के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सुनसान जगह का सहारा लिया। उसने ऑटो को एनकेजे स्थित केंद्रीय विद्यालय के पीछे रोशन नगर क्षेत्र में मरघट (श्मशान घाट) के पास घनी झाड़ियों में छिपा दिया, ताकि किसी की नजर उस पर न पड़े।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक ऑटो ले जाते हुए दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर घेराबंदी करते हुए उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि वह नशे की लत के चलते इस अपराध में लिप्त हुआ। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मरघट के पास झाड़ियों में छिपाया गया करीब 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत का डीजल ऑटो बरामद कर लिया।
महज 20 वर्ष की उम्र में नशे के कारण अपराध की राह पर भटके युवक की गिरफ्तारी ने एक ओर जहां पुलिस की मुस्तैदी को दर्शाया है, वहीं यह भी सोचने पर मजबूर करता है कि नशे की लत किस तरह युवाओं को अपराध की ओर धकेल रही है।

Post a Comment