बड़खेरा की छुही खदान में नियमों की उड़ रहीं धज्जियां, 5 साल से मनमानी—खनिज विभाग पर उठे सवाल


 

बड़खेरा की छुही खदान में नियमों की उड़ रहीं धज्जियां, 5 साल से मनमानी—खनिज विभाग पर उठे सवाल

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले के ग्राम बड़खेरा स्थित संचालित छुही खदान एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां पिछले करीब पांच वर्षों से नियमों को दरकिनार कर संचालन किए जाने के आरोप सामने आए हैं। खदान संचालक  द्वारा लंबे समय से खनन कार्य किया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े जरूरी मानकों का पालन न होने से खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक खदान क्षेत्र में न तो तार फेंसिंग की व्यवस्था की गई है और न ही श्रमिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय किए गए हैं। खदान परिसर में वृक्षारोपण जैसे अनिवार्य पर्यावरणीय नियमों की भी अनदेखी की जा रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि खदान में कार्यरत मजदूरों को बुनियादी सुरक्षा उपकरण तक उपलब्ध नहीं कराए जा रहे, जिससे किसी भी संभावित हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।

मामले में यह भी जानकारी सामने आई है कि छुही खदान के साथ-साथ मुरुम का भंडारण भी किया जा रहा है, जो खनिज नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जाता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण नहीं किया जाना कई सवाल खड़े करता है और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि खदान की गहराई काफी अधिक है और बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के मजदूर अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं। ऐसे में यदि कोई बड़ा हादसा होता है, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी—यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

अब देखना यह है कि खनिज विभाग इस गंभीर मामले में कब तक कार्रवाई करता है या फिर नियमों की अनदेखी का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post