*रिटायर्ड फौजी दंपति से अभद्रता का आरोप, चौकी प्रभारी पर थप्पड़ मारने तक की बात — एसपी ऑफिस में शिकायत*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :शहर के नदी पार रविदास तिराहा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद मामला उस वक्त और गंभीर हो गया जब घायलों ने बस स्टैंड चौकी प्रभारी पर अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार, अहमद नगर निवासी रिटायर्ड फौजी कासिम खान अपनी पत्नी सबीना बी के साथ स्कूटी से सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान नट-बोल्ट की दुकान के सामने तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों करीब 30 मीटर तक घसीटते चले गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घायल दंपति तत्काल बस स्टैंड उप थाना पहुंचे, जहां चौकी प्रभारी एसआई सिद्धार्थ राय ने दोनों पक्षों को रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान जब पीड़ितों ने अपनी बात रखने की कोशिश की तो चौकी प्रभारी ने तेज आवाज में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और रिटायर्ड फौजी की पत्नी को थप्पड़ मारने तक की बात कही।
पीड़ित परिवार के अनुसार, कासिम खान के भतीजे इमरान खान जब घटना का वीडियो बनाने लगे तो उनका मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया गया।
बाद में 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, रात में कोतवाली थाने में सड़क हादसे को लेकर एफआईआर भी दर्ज की गई।
घटना से आक्रोशित पीड़ित दंपति ने बस स्टैंड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय के खिलाफ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पुलिस विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Post a Comment