6 माह बाद भी नहीं हुई जांच, पोस्टर टांगकर जनसुनवाई में पहुंचे वृद्ध
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :जिला कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक वृद्ध अनोखे अंदाज में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। वृद्ध ने पोस्टर टांगकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया और अपनी समस्या के निराकरण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई।
वृद्ध ने बताया कि वह करीब 6 माह पहले भी इसी शिकायत को लेकर जनसुनवाई में आए थे, तब कलेक्टर द्वारा 2 माह के भीतर जांच पूरी कर समाधान करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी है।
मीडिया से चर्चा के दौरान वृद्ध ने खजूरा ग्राम पंचायत (जनपद पंचायत विजयराघवगढ़) के बिल-बाउचर की जांच का मामला उठाया। उनका कहना था कि संबंधित मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
जनसुनवाई के दौरान मौजूद जिला पंचायत सीईओ ने वृद्ध को आश्वस्त करते हुए कहा कि जांच प्रक्रिया में समय लगता है और आज उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
शिकायतकर्ता वृद्ध ने अपना नाम देवेंद्र नाथ तिवारी बताया है। लगातार हो रही देरी से आहत वृद्ध ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment