वेंकट लाइब्रेरी की बदहाल व्यवस्था पर भड़का ABVP, नगर निगम का घेराव कर किया प्रदर्शन


 

वेंकट लाइब्रेरी की बदहाल व्यवस्था पर भड़का ABVP, नगर निगम का घेराव कर किया प्रदर्शन

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । शहर की प्रमुख अध्ययन स्थल वेंकट लाइब्रेरी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कोतवाली थाना पुलिस बल को स्थिति संभालने के लिए मौके पर तैनात रहना पड़ा।

ABVP के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वेंकट लाइब्रेरी में पिछले कई महीनों से पीने के पानी, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की गंभीर समस्या बनी हुई है। इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्व में कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्याओं के निराकरण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लाइब्रेरी में लगाए गए एसी भी पूरी तरह से संचालित नहीं हो रहे हैं। कई एसी लगे होने के बावजूद केवल एक ही एसी चालू रहता है, जिससे गर्मी में अध्ययन कर रहे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी घटिया गुणवत्ता के हैं, जिससे निगरानी प्रभावी नहीं हो पा रही है।

इन सभी समस्याओं को लेकर ABVP ने नगर निगम पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post