तेज रफ्तार का कहर: ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, साथी जिंदगी की जंग लड़ रहा
कटनी (रीठी)आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही भरे वाहन संचालन का एक और दर्दनाक परिणाम सामने आया है। रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम देवरीकला में स्थित युवराज ढाबा के सामने हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं, जबकि एक युवक गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार आईसर ट्रक (DD 01 C 9779) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
हादसे में उमरिया निवासी 28 वर्षीय अमित कुमार पटेल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं उनके साथी अयोध्या पटेल की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर बढ़ती लापरवाही और तेज रफ्तार के खतरे को उजागर करता है!

Post a Comment