स्लिमनाबाद में अवैध प्लाटिंग: नियमों की अनदेखी, प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल

 💥 स्लिमनाबाद में अवैध प्लाटिंग: नियमों की अनदेखी, प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल 💥



कटनी/न्यूज़ एमपी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी : जिले में कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला स्लिमनाबाद क्षेत्र से सामने आया है, जहां नियमों को दरकिनार कर खुलेआम प्लॉट काटे जा रहे हैं। इस पूरे मामले ने प्रशासनिक निगरानी और कार्रवाई की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्लिमनाबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप कृषि भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है। जमीन को समतल करने के लिए डस्ट डाली गई है और कच्ची सड़क का निर्माण भी कर दिया गया है, जिससे प्लॉट बिक्री का रास्ता आसान हो सके। खास बात यह है कि यह पूरा कार्य बिना किसी वैधानिक अनुमति और नियमानुसार प्रक्रिया के किया जा रहा है।

चौंकाने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर यह गतिविधि संचालित हो रही है, वहां से प्रशासनिक अधिकारियों का नियमित आना-जाना रहता है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होना प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। क्षेत्र में यह चर्चा आम है कि आखिर तहसीलदार, एसडीएम और जिला प्रशासन की नजरों से यह मामला कैसे ओझल बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, भू-माफिया कृषि भूमि को छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजित कर बेच रहे हैं। इससे न केवल शासन को राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि भविष्य में यहां मूलभूत सुविधाओं के अभाव का संकट भी खड़ा हो सकता है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो अव्यवस्थित कॉलोनियों का विस्तार होना तय माना जा रहा है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब तक चुप्पी साधे रहता है और क्या कोई प्रभावी कार्रवाई करता है, या फिर अवैध प्लाटिंग का यह खेल यूं ही जारी रहेगा




खबरों व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे 

कटनी संवाददाता :9977535212

Post a Comment

Previous Post Next Post