मवेशियों को बचाने में पलटी बस, मजदूरों से भरी सवारी में मची चीख-पुकार


 मवेशियों को बचाने में पलटी बस, मजदूरों से भरी सवारी में मची चीख-पुकार

कटनी/दमोह(न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी )गुरुवार की सुबह भोपाल से अपने घर लौट रहे मजदूरों के लिए अचानक आई एक घटना ने सफर को खौफनाक बना दिया। दमोह जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बमनी गांव के पास यात्रियों से भरी एक बस मवेशियों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, ओम साईं राम ट्रेवल्स की बस (MP 15 CA 6377) इंदौर से कटनी की ओर जा रही थी। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही बस कुम्हारी क्षेत्र में पहुंची, अचानक सड़क पर मवेशी आ गए। चालक ने उन्हें बचाने के लिए बस को तेजी से मोड़ा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई।

कटनी-रैपुरा के मजदूर थे सवार
बस में कुल 12 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश कटनी और रैपुरा क्षेत्र के मजदूर बताए जा रहे हैं। ये सभी भोपाल में मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। गनीमत रही कि बस की रफ्तार अधिक नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया, हालांकि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घायलों का तत्काल इलाज
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल कुम्हारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायलों में बुद्ध सिंह, श्याम बाई, शिवांगी, मनीष, उमा अहिरवार, नंदिनी बंसल, वंदना, देशरानी, सुरेंद्र, कल्लो बाई, संतोष और अशोक बंसल शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, कटनी में जैसे ही घटना की खबर पहुंची, परिजनों में चिंता का माहौल बन गया, लेकिन घायलों के सुरक्षित होने की सूचना मिलते ही लोगों ने राहत की सांस ली।

Post a Comment

Previous Post Next Post