रातभर चला पुलिस का सख्त पहरा: कटनी में कॉम्बिंग ऑपरेशन से अपराधियों में हड़कंप
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :जिले में अपराधियों की धरपकड़ और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा विगत रात्रि व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस अधीक्षक कटनी के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान की तैयारी एवं क्रियान्वयन हेतु कंट्रोल रूम में अधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई, जिसमें ऑपरेशन की रणनीति तय की गई।
कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान थाना रीठी अंतर्गत आपराधिक डेरा बिरुहली एवं कुठला क्षेत्र के ग्राम खडोला डेरा में फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश में सघन दबिश दी गई। इस कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कटनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक कटनी ने किया। अभियान में निरीक्षक, उपनिरीक्षक सहित विभिन्न थानों और इकाइयों के लगभग 100 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
विशेष बात यह रही कि इस बार पुलिस ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए पहली बार ड्रोन के माध्यम से सर्चिंग की, जिससे छिपे हुए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने में सफलता मिली और उनके भागने के रास्ते सीमित हो गए।
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 15 संदिग्धों एवं फरार बदमाशों को गिरफ्तार किया। साथ ही बदमाशों के पास से 07 पेटी अवैध शराब का जखीरा बरामद किया गया। तलाशी के दौरान 01 भरमार बंदूक, 02 कारतूस, 01 एयर गन और बड़ी संख्या में धारदार हथियार भी जब्त किए गए।
इतना ही नहीं, कार्रवाई के दौरान करीब 2500 से 3000 नकली सोने के सिक्के भी बरामद किए गए, जिससे क्षेत्र में चल रहे किसी बड़े ठगी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने 15 संदिग्ध मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।
पकड़े गए आरोपियों से पूर्व के लंबित मामलों में पूछताछ की जा रही है और अन्य बरामदगी व खुलासों की कार्रवाई जारी है। इस सख्त पुलिस कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल देखा जा रहा है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

Post a Comment