कथनी और करनी की खुली पोल: स्वच्छता का राग, लेकिन नदी में गंदगी का अंबार
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाली नगर पालिका निगम कटनी की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। प्रचार-प्रसार और प्रेस विज्ञप्तियों में स्वच्छता अभियान को लेकर सक्रिय दिखने वाला निगम, शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली कटनी नदी की दुर्दशा पर आंखें मूंदे बैठा है।
हाल ही में सामने आई तस्वीरों ने नगर निगम की कथनी और करनी की पोल खोल दी है। नदी में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे न केवल पर्यावरण बल्कि आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि कुछ दिन पूर्व ही जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा नदी सफाई के नाम पर केवल फोटो सेशन कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली गई।
जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। नदी की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम जनता से टैक्स वसूली में तो अव्वल है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं—खासतौर पर सफाई व्यवस्था—में पूरी तरह फिसड्डी साबित हो रहा है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि दिखावे के बजाय वास्तविक रूप से सफाई कार्यों पर ध्यान दिया जाए, ताकि शहर की पहचान और पर्यावरण दोनों को बचाया जा सके।

Post a Comment