बेहद ही बेरहमी और बर्बरता के साथ बारातियों पर लाठियां बरसाने वाले पुलिस कर्मियों पर हुई कार्रवाई
एएसआई सौरभ सोनी तथा बस स्टैंड पुलिस चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय हुए लाइन अटैच
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । इंद्रा नगर क्षेत्र में बीती रात हुई एक घटना ने कटनी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाहर से आई बारात पर पुलिस द्वारा कथित रूप से लाठीचार्ज किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें 20 से 25 लोगों के घायल होने की जानकारी है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल एएसआई सौरभ सोनी और बस स्टैंड पुलिस चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय को लाइन अटैच कर दिया है।
हालांकि, इस कार्रवाई के बाद भी कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि कोतवाली थाना क्षेत्र की बस स्टैंड चौकी के प्रभारी आखिर कुठला थाना क्षेत्र में किस आधार पर पहुंचे। क्या कुठला थाना क्षेत्र में पुलिस बल की कमी थी? वहीं, घटना के दौरान संबंधित थाना प्रभारी की अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह है पूरा मामला
कटनी नगर के इंद्रा नगर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब बारात में शामिल लोगों पर पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ लाठीचार्ज किए जाने का आरोप लगा। घटना गली नंबर 4 की बताई जा रही है, जहां आमदरा से आई बारात में अचानक हंगामा मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुठला थाना क्षेत्र के 8 से 10 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बिना किसी स्पष्ट कारण के बारातियों तथा परिजनों पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया। इस दौरान करीब 20 से 25 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जबकि दूल्हे का भाई गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बारात इंद्रा नगर निवासी परसधि परिवार के यहां आई थी। दूल्हे के भाई अजय वर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने देर रात अभद्रता करते हुए मारपीट की। इतना ही नहीं, पुलिस दूल्हा-दुल्हन को भी अपने साथ ले गई और करीब 1 से 2 घंटे तक अज्ञात स्थान पर रखने के बाद छोड़ दिया।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
खबरों के लिए सम्पर्क करे
8989601972
9977535212

Post a Comment