चिलचिलाती धूप में किसान बेहाल, ठप पड़ा गेहूं खरीदी केंद्र — चार दिन से गायब प्रभारी, प्रशासनिक दावे ध्वस्त
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी को लेकर किए जा रहे तमाम दावे उस समय खोखले साबित हो गए, जब हीरापुर कोड़िया स्थित मां नर्मदा वेयरहाउस में संचालित खरीदी केंद्र पूरी तरह ठप नजर आया। भीषण गर्मी के बीच सैकड़ों किसान अपनी उपज लेकर केंद्र पर डटे हैं, लेकिन न तो वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद है और न ही खरीदी की कोई प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के अनुसार, इस खरीदी केंद्र के प्रभारी सूरज चक्रवर्ती पिछले चार दिनों से लापता हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है। प्रभारी की अनुपस्थिति के कारण गेहूं की तौल पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी फसल की तौल तक नहीं हुई और इस बीच उनका पंजीयन भी निरस्त कर दिया गया, जिससे उनकी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
केंद्र पर अव्यवस्था का आलम यह है कि बारदाना उपलब्ध होने के बावजूद खरीदी नहीं हो पा रही है। तेज धूप में घंटों इंतजार कर रहे किसान प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं। किसानों का कहना है कि वे कई दिनों से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या सुनने वाला कोई नहीं है।
बुधवार को जब हालात बेकाबू हो गए, तब किसानों ने कटनी कलेक्टर को फोन के माध्यम से अपनी व्यथा सुनाई। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और नोडल अधिकारी राहुल मिश्रा को मौके पर भेजा गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नोडल अधिकारी ने बताया कि उनकी ड्यूटी पिछले तीन दिनों से जनगणना कार्य में लगी हुई थी, जिसके कारण वे केंद्र पर नहीं आ सके। वहीं, इस केंद्र के समिति प्रबंधक विनोद दुबे मौके पर मौजूद तो हैं, लेकिन किसानों की समस्याओं के प्रति उनकी उदासीनता साफ नजर आ रही है।
पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर किसानों की मेहनत और उनकी उपज की जिम्मेदारी किसके कंधों पर है। भीषण गर्मी में तड़पते किसानों की यह तस्वीर प्रशासनिक लापरवाही और व्यवस्था की बदहाली को उजागर कर रही है।
खबरों के लिए सम्पर्क करे
8989601972

Post a Comment