स्लिमनाबाद पुलिस पर फिर उठे सवाल, युवक को जबरन गाड़ी में बैठाने का वीडियो वायरल


 

स्लिमनाबाद पुलिस पर फिर उठे सवाल, युवक को जबरन गाड़ी में बैठाने का वीडियो वायरल

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : कटनी जिले की स्लिमनाबाद पुलिस एक बार फिर विवादों के घेरे में आती नजर आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि जुबेर अली नामक पुलिस कर्मचारी पुलिस वाहन से गांव पहुंचा और सिहुंड़ी निवासी युवक सुनील सपेरा को बिना किसी स्पष्ट कारण व आरोप के जबरदस्ती पकड़कर गाड़ी में बैठाने का प्रयास करने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उक्त पुलिसकर्मी ने युवक का कॉलर पकड़ लिया और उसे जबरन वाहन में बैठाने की कोशिश की। इस दौरान मारपीट की धमकी देने की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पूरा घटनाक्रम मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति पर कोई आरोप है तो उसे नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नोटिस या वारंट के माध्यम से बुलाया जाना चाहिए, न कि इस तरह जबरदस्ती की जाए।

फिलहाल इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर उच्च अधिकारी क्या कदम उठाते हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होती है या नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post