रहस्यमयी मौत या साजिश? प्रेम नगर की खामोशी में छिपे कई सवाल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार । शहर के एनकेजे थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में एक युवक की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। शुक्र वार की देर रात्रि को लगभग 11 बजे काली मंदिर के पास घायल अवस्था में मिले युवक के शरीर पर चोटों के निशान ने इस मामले को महज हादसा नहीं, बल्कि किसी गहरी साजिश की ओर इशारा कर दिया है।
बीती रात जब इलाके में सन्नाटा पसरा था, तभी कुछ राहगीरों की नजर एक युवक पर पड़ी, जो गंभीर रूप से घायल हालत में जमीन पर पड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे उस युवक ने आखिरकार देर रात दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान प्रदीप साहू (लगभग 25 वर्ष) निवासी ग्राम पहरीया, थाना बड़वारा के रूप में हुई है। सवाल यह उठ रहा है कि प्रदीप आखिर प्रेम नगर कैसे पहुंचा और उसके साथ ऐसी क्या घटना घटी, जिसने उसकी जान ले ली?
घटना स्थल और शव की स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। शरीर पर मिले चोट के निशान साफ तौर पर किसी हिंसक घटना की ओर संकेत कर रहे हैं। यही वजह है कि पुलिस अब इस मामले को हत्या के एंगल से भी जांच रही है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिनके बयान इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठाने में निर्णायक साबित हो सकती है। तब तक प्रेम नगर की यह खामोशी कई अनसुलझे सवालों को अपने भीतर समेटे हुए है।
इनका कहना :अभी हत्या की पुष्टि नही की जा सकती जांच के उपरांत ही कुछ कह सकते है, शव पर चोट के निशान मिले है
थाना प्रभारी nkj कटनी -रूपेंद्र राजपूत

Post a Comment