*30 फीट ऊंचाई से गिरकर इलेक्ट्रीशियन की मौत, एवीएस फैक्ट्री में काम के दौरान हादसा
*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलने वाला एक दर्दनाक हादसा रविवार दोपहर सामने आया, जहां काम के दौरान एक इलेक्ट्रीशियन की जान चली गई। माधव नगर थाना क्षेत्र के निवार स्थित एवीएस फैक्ट्री में हुई इस घटना ने न सिर्फ श्रमिक सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि फैक्ट्री प्रबंधन की कार्यप्रणाली को भी कटघरे में ला दिया है।
जानकारी के मुताबिक, हरदुआ स्टेशन के पास निवासी उदय शंकर मौर्य (46) फैक्ट्री में इलेक्ट्रीशियन के रूप में कार्यरत थे। रविवार को वे करीब 30 फीट ऊंचाई पर केबल बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे आ गिरे। गिरावट इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही उनकी हालत नाजुक हो गई।
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन आरोप है कि प्रबंधन ने स्थिति को संभालने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की। घायल को तत्काल परिजनों या पुलिस को सूचना दिए बिना निजी अस्पतालों में ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि यह सब जानबूझकर किया गया ताकि घटना सार्वजनिक न हो सके।
निजी अस्पतालों में हालत बिगड़ने पर उदय शंकर को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और फैक्ट्री कर्मचारियों से तीखी बहस हुई। परिजनों ने सवाल उठाया कि हादसे की सूचना समय पर क्यों नहीं दी गई और आखिर किन परिस्थितियों में उन्हें अंधेरे में रखा गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जाएगी और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा सिर्फ कागजों तक सीमित है?


Post a Comment