बिना अनुमति नलकूप खनन पर कार्रवाई: बरही पुलिस ने रोटरी बोर मशीन सहित ट्रक जब्त, चालक पर मामला दर्ज
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :जिले के बरही थाना क्षेत्र में अवैध रूप से नलकूप खनन किए जाने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए रोटरी बोर मशीन सहित एक ट्रक को जब्त किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे के नेतृत्व में सोमवार को की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुठिया महगांव क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के रोटरी बोर मशीन के माध्यम से नलकूप खनन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया, जहां पहुंचने पर पाया गया कि एक ट्रक (क्रमांक CG 07 CT 0810) में मशीन लगाकर बोरिंग का कार्य किया जा रहा था।
मौके पर मौजूद चालक शिवकुमार पटेल (32), निवासी हरदुआ कला थाना विजय राघवगढ़, जिला कटनी से जब खनन संबंधी वैध अनुमति पत्र मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के तहत जिले में बिना अनुमति नलकूप खनन पर प्रतिबंध लागू है, जिसके उल्लंघन पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और बिना अनुमति बोरिंग जैसी गतिविधियों पर आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment