दो लोगों के भरोसे वाहन चेकिंग! कुठला पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल



दो लोगों के भरोसे वाहन चेकिंग! कुठला पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

कटनी/आशीष कुमार /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जाने वाली वाहन चेकिंग अब सवालों के घेरे में नजर आ रही है। कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर चौराहे, शल्या होटल के सामने रोजाना शाम ढलते ही होने वाली चेकिंग कार्रवाई आमजन के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जब दिहाड़ी मजदूर और ग्रामीण दिनभर की मेहनत के बाद अपने घरों को लौटते हैं, उसी समय पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच शुरू कर दी जाती है। चेकिंग के नाम पर राहगीरों और वाहन चालकों को रोककर चालानी कार्रवाई की जा रही है, जिससे आमजन में नाराजगी देखी जा रही है।

सबसे हैरानी की बात यह सामने आई कि बुधवार रात करीब 8:30 बजे मात्र दो लोगों—एक पुलिस कर्मी और एक एनआरएस (NRS)—के भरोसे पूरे चौराहे पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इतने व्यस्त मार्ग पर सीमित स्टाफ के साथ की जा रही यह कार्रवाई न केवल व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर भी चिंताएं बढ़ाती है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि चेकिंग का उद्देश्य सुरक्षा होना चाहिए, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह आम जनता के लिए असुविधा का कारण बन रही है। वहीं, जानकारों का मानना है कि यदि पर्याप्त पुलिस बल और स्पष्ट व्यवस्था के साथ चेकिंग की जाए, तो इसका सकारात्मक प्रभाव नजर आ सकता है।

उल्लेखनीय है कि इन दिनों कुठला थाना की कमान थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा के हाथों में है। ऐसे में यह देखना होगा कि वाहन चेकिंग की इस व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post