कटनी में GST गड़बड़ी की आशंका: CGST टीम की दो फर्मों पर सघन जाँच टैक्स चोरी के शक में कार्रवाई: बॉम्बे ब्यूटीफुल साड़ी व मीरा ट्रेडर्स जांच के घेरे में


 केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST), कटनी

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कटनी से प्राप्त सूचना के आधार पर पूर्व में किए गए प्रारंभिक विश्लेषण से यह संज्ञान में आया कि कुछ फर्मों द्वारा संदेहास्पद वित्तीय लेन-देन को जीएसटी पंजीकृत फर्मों के माध्यम से दर्शाकर कर अपवंचन (Tax Evasion) किया जा रहा है, जिससे शासकीय राजस्व को क्षति पहुँचने की संभावना है।

इसी क्रम में, दिनांक 17.04.2026 को सीजीएसटी जाँच टीम द्वारा की गई कार्यवाही के अनुक्रम में, आज दिनांक 18.04.2026 को दो अन्य फर्मों—मेसर्स बॉम्बे ब्यूटीफुल साड़ी एवं मेसर्स मीरा ट्रेडर्स—के परिसरों पर भौतिक सत्यापन एवं विस्तृत जाँच की कार्रवाई की गई।

जाँच के दौरान उक्त फर्मों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध पाया गया तथा व्यवसाय का वास्तविक संचालन भी होते हुए पाया गया। साथ ही, संबंधित व्यक्तियों के कथन (Statements) विधिवत दर्ज किए गए एवं आवश्यक अभिलेखों/दस्तावेजों का परीक्षण किया गया।

प्राथमिक जाँच में अवैध/संदेहास्पद लेन-देन की सीमा, जीएसटी भुगतान की वास्तविक स्थिति तथा इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के आदान-प्रदान में संभावित विसंगतियों की विस्तृत जाँच प्रचलित है।

जाँच पूर्ण होने पर निर्धारित कर एवं इनपुट टैक्स क्रेडिट की जो भी देय राशि निर्धारित होगी, उसकी वसूली हेतु जीएसटी अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post