लमतरा ओवरब्रिज के पास कुठला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 किलो गांजा सहित दो तस्कर गिरफ्तार
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को 11 किलो 116 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 06 मई 2026 को थाना कुठला स्टाफ क्षेत्र में भ्रमण एवं शैडो एरिया चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान लमतरा ओवरब्रिज के आगे कच्चे मार्ग पर दो व्यक्ति पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में पैदल जाते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद राहगीर साक्षियों की मौजूदगी में उन्हें रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कुलदीप गुप्ता पिता रमेश गुप्ता उम्र 40 वर्ष निवासी साउथ सिविल लाइन, नवयुग कॉलेज के सामने थाना सिविल लाइन जबलपुर तथा आशीष साहू पिता स्व. आशाराम साहू उम्र 38 वर्ष निवासी बजरंग मोहल्ला वार्ड क्रमांक 11 थाना गोसलपुर जिला जबलपुर बताए।
संदेह के आधार पर जब पुलिस ने दोनों के बैगों की तलाशी ली तो उनमें सफेद सेलो टेप से लिपटे कुल सात पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें हरे रंग का कलीयुक्त, पत्तीदार एवं बीजयुक्त तीव्र गंध वाला पदार्थ मिला, जिसकी पहचान गांजा के रूप में हुई। तौल कराने पर कुल 11 किलो 116 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
कुठला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी कुलदीप गुप्ता के विरुद्ध पूर्व से दहेज प्रताड़ना एवं आर्म्स एक्ट के दो प्रकरण दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने की भी पुष्टि होती है।

Post a Comment