आधुनिक खेती की ओर बढ़ते कदम, 146 किसानों को मिला 1.55 करोड़ का कृषि यंत्र अनुदान
कटनी - जिले में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने और नरवाई प्रबंधन (पराली प्रबंधन) को प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जिले के 146 किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों की खरीद पर कुल 1 करोड़ 55 लाख 67 हजार रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई है।
*नरवाई प्रबंधन पर विशेष जोर*
प्रशासन द्वारा किसानों को खेतों में नरवाई जलाने के बजाय यंत्रों के माध्यम से उसके प्रबंधन के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों से बीते वित्तीय वर्ष कुल 183 कृषि यंत्र स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 146 किसानों ने यंत्रों की खरीदी कर अनुदान का लाभ उठाया। इन आधुनिक यंत्रों के माध्यम से न केवल खेती की लागत कम होती है, बल्कि मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है।
*यंत्रवार वितरण और अनुदान की स्थिति*
जिले में सबसे अधिक मांग सुपरसीडर और हैप्पीसीडर की रही, जो सीधे बुवाई के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। सुपरसीडर और हैप्पीसीडर यंत्रों की खरीदी पर 62 किसानों को 74.40 लाख रूपये, स्ट्रॉ रीपर पर 21 किसानों को 31.50 लाख रूपये, पैडी (धान) थ्रेशर पर 25 किसानों को 26.25 लाख रूपये, रीपर (स्वचलित) पर 18 किसानों को 14.34 लाख रूपये, रीपर (ट्रैक्टर चलित) पर 4 किसानों को 2.03 लाख रूपये, स्लैशर पर 8 किसानों को 2.20 लाख रूपये, जीरो टिल सीडकम फर्टिलाइजर ड्रिल पर 5 किसानों को 1.54 लाख रूपये, पैडी राइस ट्रांसप्लांटर पर 1 किसान को 1.43 लाख रूपये, लेजर लैंड लेवलर पर 1 किसान को 1.08 लाख रूपये एवं रोटिकल्टीवेटर पर 1 किसान को 0.90 लाख रूपये का अनुदान प्राप्त हुआ है।
*हैप्पीसीडर एवं सुपरसीडर के प्रति किसानों में दिखा भारी उत्साह*
किसानों के बीच कृषि यंत्रों को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में सुपरसीडर और हैप्पीसीडर के लिए कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 89 किसानों को यंत्रों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

Post a Comment