जिला चिकित्सालय में एक ही दिन में 150 से अधिक मरीजों ने लिया निःशुल्क कैंसर परामर्श का लाभ
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी - कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की पहल पर जिला चिकित्सालय कटनी में शनिवार को आयोजित विशाल निःशुल्क कैंसर परामर्श शिविर में 150 से अधिक कैंसर मरीजों ने पंजीयन कराकर शिविर का लाभ लिया।
यह कैंसर शिविर शैल्बी हॉस्पिटल, जबलपुर एवं जिला चिकित्सालय कटनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था।
कैंसर शिविर में कटनी एसडीएम श्री प्रमोद चतुर्वेदी, शहडोल सांसद प्रतिनिधि श्री पद्मेश गौतम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अशोक विश्वकर्मा की विशिष्ट उपस्थिति रही।
शिविर में शैल्बी हॉस्पिटल, जबलपुर के प्रमुख कैंसर सर्जन डॉ. प्रशांत जैन (टाटा मेमोरियल से प्रशिक्षित) एवं वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. मालती भगत द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से डॉ. अंकित जैन (डिप्टी सीएओ, शैल्बी हॉस्पिटल ) ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद मरीजों को समय रहते कैंसर संबंधी जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना था, ताकि प्रारंभिक अवस्था में बीमारी की पहचान कर उचित उपचार शुरू किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जिन व्यक्तियों को लगातार गांठ, मुंह का छाला, असामान्य रक्तस्राव, अचानक वजन कम होना, लंबे समय तक खांसी अथवा कैंसर से संबंधित अन्य लक्षण दिखाई दें, उन्हें तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच अवश्य करानी चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीएमएचओ, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, कोऑर्डिनेटर डॉ. आर्यन, असिस्टेंट हॉस्पिटल मैनेजर प्रिया घोकले, सीपीएचसी कविता ओझा, नितिन तापा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
वहीं शैल्बी हॉस्पिटल जबलपुर की प्रबंधन टीम से डॉ. संजय जैन, श्री संजय शर्मा एवं श्री अजय मौदगिल, श्री हर्ष और श्री आदित्य ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शैल्बी हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि अस्पताल में आयुष्मान योजना के अंतर्गत कैंसर उपचार की सुविधा उपलब्ध है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान किया जा सकता है।
अस्पताल प्रबंधन ने अधिक से अधिक लोगों से कैंसर के प्रति जागरूक रहने एवं समय पर जांच कराने की अपील की है।

Post a Comment