सफेद वर्गमैन स्कूटी में 54 लीटर देशी शराब (मसाला व प्लेन) के साथ ऑर्डिनेंस फैक्ट्री ग्राउंड से आरोपी गिरफ्तार।
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार : जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रंगनाथनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब के साथ ही बिना नंबर की दोपहिया वाहन भी जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना रंगनाथनगर में अपराध क्रमांक 192/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ चौधरी (22) पिता बाबूलाल चौधरी, निवासी ज्ञान विद्या मंदिर के पास, फारेस्टर वार्ड झर्राटिकुरिया, थाना रंगनाथनगर, जिला कटनी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 54 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त की है। इसके अलावा बिना नंबर की सफेद “वर्गमैन” दोपहिया वाहन भी बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।
घटना 21 मार्च 2026 की है, जब पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि ओ.एफ.के. ग्राउंड के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके वाहन में रखी प्लास्टिक की बोरियों और डिग्गी से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरुणपाल सिंह के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक अनिल तिवारी, बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक महेंद्र दुबे, लालजी यादव सहित आरक्षक संदीप और रमजान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment