जिले में समर्थन मूल्य पर अब तक 23 हजार 477 कृषकों से 95 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूँ उपार्जित
किसानों को किया गया 63 करोड़ रूपये से अधिक का भुगनान
कटनी – रबी विपणन वर्ष 2026-27 में 15 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर शुरू हुये गेहूँ उपार्जन में शुक्रवार 8 मई तक जिले के कुल 23 हजार 477 कृषकों से अब तक 95 हजार 696 मीट्रिक टन गेहूँ का उपार्जन किया जा चुका है। किसानों को अब तक उपार्जित गेहूँ के विरूद्ध 63.98 करोड़ रूपये का भुगतान किया जा चुका है। कलेक्टर ने सभी किसानों को शीघ्र भुगतान करवाने के निर्देश दिये हैं। जिले में अब तक 41 हजार 57 कृषकों द्वारा स्लॉट की बुकिंग की जा चुकी है।
गेहूँ उपार्जन में ढीमरखेड़ा अग्रणी
जिले में अब तक समर्थन मूल्य पर हुए गेहूँ उपार्जन के मामले में तहसील ढीमरखेड़ा अग्रणी है। यहां अब तक की स्थिति में कुल 6041 किसानों से 20 हजार 761 मीट्रिक टन गेहूँ का उपार्जन किया जा चुका है। जबकि दूसरे नंबर पर तहसील विजयराघवगढ़ में 3336 किसानों से 15 हजार 137 मीट्रिक टन गेहूँ समर्थन मूल्य पर उपार्जित किया जा चुका है।
इसी प्रकार बहोरीबंद तहसील में अब तक 3045 किसानों से 14 हजार 237 मीट्रिक टन गेहूँ उपार्जित किया गया है। जबकि स्लीमनाबाद तहसील में 2250 कृषकों से 10 हजार 492 मीट्रिक टन गेहूँ उपार्जित किया जा चुका है। बड़वारा तहसील में अब तक की स्थिति में 2761 किसानों से 9333 मीट्रिक टन और रीठी तहसील में 2075 किसानों से 8 हजार 672 मीट्रिक टन गेहूँ का उपार्जन किया जा चुका है।
इसके अलावा बरही तहसील में 1980 किसानों से 8 हजार 655 मीट्रिक टन और कटनी नगर व कटनी ग्रामीण तहसील में 1989 किसानों से 8 हजार 409 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है।
*उपार्जन केंद्र में किसानों के लिये गेहूँ बिक्री की सभी सुविधाएं*
कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर उपार्जन केंद्रों में गेहूँ विक्रय की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उपार्जन केन्द्रों में छायादार स्थान में बैठने और पेय जल की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई गई है। केंद्र में बारदाने, तौल कांटे, सिलाई मशीन, कंप्यूटर, इंटरनेट, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण और उपज की साफ-सफाई के लिए पंखा, छन्ना आदि की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 2585 रूपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य एवं राज्य सरकार द्वारा घोषित 40 रूपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित 2625 रूपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूँ का उपार्जन किया जा रहा है। गेहूँ के उपार्जन के लिये आवश्यक बारदानों की व्यवस्था की जा चुकी है। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे खरीदी केंद्र में साफ-सुथरा गेंहू लायें।

Post a Comment