दो कमरे, एक टिनशेड और 27 पुलिसकर्मी व 4 NRS; अव्यवस्थाओं के बीच संचालित हो रहा थाना
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले एक थाने की स्थिति स्वयं अव्यवस्थाओं से घिरी हुई है। बताया जाता है कि यहां थाना प्रभारी सहित कुल 27 पुलिसकर्मी और 4 एनआरएस पदस्थ हैं, लेकिन पूरे थाने का संचालन महज दो कमरों और एक टिनशेड के सहारे किया जा रहा है। सीमित संसाधनों और जगह की कमी के कारण पुलिसकर्मियों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार थाने में मौजूद दो कमरों में से एक कमरा थाना प्रभारी के उपयोग में है, जबकि दूसरे कमरे में कंप्यूटर ऑपरेटर, मुंशीयाना (आवक-जावक कार्य), रिकॉर्ड संधारण और मुजरिम खाना जैसी व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं। यही कमरा आरोपियों को हथकड़ी लगाकर बैठाने और आवश्यक बैठकों के लिए भी उपयोग में लाया जाता है।
रंग नाथ नगर थाने में पदस्थ अन्य पुलिसकर्मियों के लिए अलग से कार्यस्थल उपलब्ध नहीं है। अधिकांश कर्मचारी एक छोटे से टिनशेड के नीचे बने सीमित स्थान में बैठकर अपना काम करने को मजबूर हैं। यही स्थान शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों के बैठने और उनकी समस्याएं सुनने के लिए भी उपयोग किया जाता है। ऐसे में गोपनीय मामलों की सुनवाई और व्यवस्थित कार्य संचालन पर भी प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं।
जप्त वाहनों से घिरा थाना परिसर
थाने के बाहर जप्त दोपहिया वाहनों का अंबार लगा हुआ है। बड़ी संख्या में खड़े ये वाहन न केवल थाना परिसर को अव्यवस्थित बना रहे हैं, बल्कि आसपास के रास्तों को भी प्रभावित कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सामुदायिक भवन में संचालित होने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार यह थाना नगर निगम के एक सामुदायिक भवन में संचालित किया जा रहा है। अस्थायी व्यवस्था के रूप में शुरू हुई यह व्यवस्था वर्षों बाद भी स्थायी समाधान का इंतजार कर रही है। स्थानीय लोगो द्वारा बताया जाता है कि यह स्थिति पिछले छह वर्षों से अधिक समय से बनी हुई है।
नए भवन का निर्माण कछुआ गति से
जानकारी यह भी सामने आई है कि थाने के लिए नया भवन क्षेत्र के लखेरा इलाके में प्रस्तावित है और निर्माण कार्य भी शुरू किया जा चुका है। हालांकि स्थानीय सूत्रों का कहना है कि निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है, जिसके कारण पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों को आज भी पुराने और अपर्याप्त भवन में ही काम चलाना पड़ रहा है।
सवालों के घेरे में बुनियादी सुविधाएं
जहां एक ओर पुलिस से आधुनिक और प्रभावी कार्यप्रणाली की अपेक्षा की जाती है, वहीं दूसरी ओर थाने की यह स्थिति बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर करती है। सीमित जगह, अपर्याप्त संसाधन और वर्षों से लंबित भवन निर्माण कार्य प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग इस ओर कब तक ध्यान देता है और पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं कब तक उपलब्ध हो पाती हैं।
इनका कहना :रंगनाथ नगर थाने मे 26-27 पुलिस कर्मी व 4 NRS है नवीन थाने का कार्य चल रहा है - अरुण पाल सिंह (रंग नाथ थाना प्रभारी, कटनी )

Post a Comment