50 किलो की जगह 50.500 किलो तौल! खरीदी केंद्र पर किसानों से प्रत्येक प्लास्टिक मे बोरी 400 ग्राम अधिक का खेल?
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस
जिले के समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी केंद्रों में अनियमितताओं के आरोप फिर सामने आने लगे हैं। ताजा मामला प्राथमिक कृषि साख समिति पड़रभटा केंद्र क्रमांक 56442092 का है, जहां निर्धारित 50 किलो नेट तौल के बजाय 50 किलो 500 ग्राम तक गेहूं भरवाने का आरोप किसानों ने लगाया है। हैरानी की बात यह है कि पर्ची में 50 किलो नेट दर्ज होने के बावजूद वास्तविक तौल इससे अधिक कराई जा रही है।
किसानों का कहना है कि जब प्लास्टिक बोरी का वजन महज करीब 100 ग्राम है, तो फिर 500 ग्राम अतिरिक्त भराई किस आधार पर कराई जा रही है। आरोप है कि प्रत्येक बोरी में लगभग 400 ग्राम तक अधिक गेहूं लिया जा रहा है, जो सीधे-सीधे किसानों के हिस्से में कटौती जैसा है।
उक्त खरीदी केंद्र भूला वेयरहाउस परिसर में संचालित हो रहा है, जहां प्रभारी बाल गोविन्द दुबे और संबंधित उपार्जन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। किसानों का आरोप है कि यह सब प्रशासनिक अनदेखी या मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। यदि हर बोरी में 300 से 400 ग्राम अतिरिक्त लिया जा रहा है, तो बड़ी मात्रा में यह अंतर हजारों क्विंटल में तब्दील होकर किसानों को भारी नुकसान पहुंचा सकता है।
मामले ने तूल पकड़ लिया है और किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर आरोप को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या वास्तव में खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित हो पाती है या नहीं।
Post a Comment