तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन घायल, आरोपी चालक फरार
कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र में लापरवाही से वाहन चलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सिहोरा वार्ड क्रमांक 09 का निवासी है और मजदूरी का कार्य करता है। उसके बड़े पिता राजू रजक केटरिंग का काम करते हैं। बताया गया कि दिनांक 04 मई 2026 को राजू रजक बड़वारा में एक शादी समारोह में केटरिंग का कार्य करने आए थे। काम समाप्त करने के बाद वे बाइक से सांवनी बाई परस्ते और माया बाई नामदेव को साथ लेकर बड़वारा से विलायतकला होते हुए सिहोरा लौट रहे थे।
इसी दौरान ग्राम नैगवां के पास फोन आने पर राजू रजक सड़क किनारे रुककर बात करने लगे। तभी पीछे से आ रही कार क्रमांक MP-20-CJ-9973 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राजू रजक को सीने और दाहिने हाथ में चोटें आईं, वहीं सांवनी बाई के बाएं पैर और माया बाई के बाएं हाथ व कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
टक्कर के बाद कार चालक कुछ देर के लिए रुका, इसी दौरान राजू रजक ने वाहन का नंबर देख लिया। इसके बाद चालक मौके से विलायतकला की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर शिकायतकर्ता मौके पर पहुंचा और घायलों को निजी वाहन से इलाज के लिए जबलपुर ले गया, जहां उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिकायतकर्ता ने बड़वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment